शनिवार, 24 नवंबर, 2007

लाइनें बी.एस.एन.एल. कीं फोन सेठजी के, एक्‍सचेन्‍ज किसी का वसूली किसी और की

लाइनें बी.एस.एन.एल. कीं फोन सेठजी के, एक्‍सचेन्‍ज किसी का वसूली किसी और की

किस्‍सा ए बी.एस.एन.एल.भ्रष्‍टाचार बनाम अंधेरगर्दी विद गुण्‍डागर्दी

किश्‍तबद्ध रिपोर्ताज भाग- 4

 

मुरैना 24 नवम्‍बर 2007 । जैसा कि हम पिछले अंकों में बता चुके हैं कि बी. एस. एन. एल. के पालनहार और रखवालों ने ही उसे भ्रष्‍टाचार संचार निगम लिमिटेड में तब्‍दील कर उसे व उसके उपभोक्‍ताओं को प्राइवेट कंपनियों को थाली में परोसकर सौंप दिया । मुरैना शहर में एक प्राइवेट कम्‍पनी पर बी. एस. एन. एल. के भ्रष्‍टाचारी इस कदर महरबां हुये कि मुरैना शहर में इस प्राइवेट कंपनी को लगभग 67 किलोमीटर लम्‍बी बी. एस. एन. एल. की अंडरग्राउण्‍ड केबिलें उपहार में या यूं कहिये कि दहेज में दे डाली उल्‍लेखनीय है कि मुरैना शहर में बी. एस. एन. एल. के अलावा एक अन्‍य प्राइवेट कम्‍पनी द्वारा भी वर्ष 2003 से लेंड लाइन टेलीफोनिक एवं इंटरनेट सेवाऐं दी जा रही हैं, मजे की बात ये है कि इस प्राइवेट कंपनी का स्‍वयं का कोई कार्यालय और अधोसंरचना मुरैना शहर में नहीं हैं । एक सेठजी इसके फ्रेंचाइजी बनकर न केवल शहर को चूना लगा रहे हैं बल्कि बी. एस. एन. एल. को भी उनने लाखों करोड़ों से नाप दिया है ।

        उल्‍लेखनीय है कि मुरैना शहर में भूमिगत टेलीफोन केबिलों का बिछाव वर्षों पहले बी. एस. एन. एल. द्वारा किया गया था, और प्राइवेट कंपनी के तथाकथित फ्रेंचाइजी के पास न तो इतनी अधिक अधोसंरचना उपलब्‍ध थी और न इतनी अनुमतियां कि सारी मुरैना शहर में अपनी ओवरहैड और अंडरग्राउण्‍ड लाइनें बिछा सकें । बी. एस. एन. एल. के भ्रष्‍ट नुमाइंदों की महरबानी से प्राइवेट फ्रेंचाइजी यानि सेठजी की प्रोब्‍लम सोल्‍व हो गयी और बी. एस. एन. एल. ने अपनी लगभग 67 किलोमीटर लम्‍बी केबिलें प्राइवेट कंपनी के फ्रेंचाइजी सेठजी को सुपुर्द व समर्पित कर दीं । ग्‍यातव्‍य है कि इसकी कोई लिखत-पढ़त बी. एस. एन. एल. में नहीं है, और स्थिती यह है कि लाइनें बी. एस. एन. एल. की हैं और उनमें टैग एवं सर्किट प्राइवेट कंपनी के फ्रेंचाइजी के हैं । ग्‍वालियर टाइम्‍स द्वारा इस तथ्‍य की तहकीकात की गयी जिसमें हर परीक्षित जगह पर बी. एस. एन. एल. की लाइनों में ही प्राइवेट कंपनी के फ्रेंचाइजी की पैरेलल केबिलें और पैरेलल टेग एवं सर्किट मिले ।

         मजे की बात ये है कि जब भी प्राइवेट कंपनी का कोई टैग या सर्किट फेलुअर या डिसेबल्‍ड या डैमेज होता है, तो प्राइवेट कम्‍पनी वाले अपनी लाइन ट्रेसिंग में बी. एस. एन. एल.  की केबिलें खोद और काट डालते हैं । परिणाम यह होता है कि बी. एस. एन. एल.  के लाइनमैन शहर में यही खोजते रहते हैं कि लाईन कहां कटी ।

     बी. एस. एन. एल. के टेलीफोन और इण्‍टरनेट कनेक्‍शन इस कदर आये दिन ठप्‍प ओर नेटवर्क ध्‍वस्‍त ही बने रहते हैं ।

इसके अलावा और भी चौंकाने वाली और हैरतगंज बात ये है कि बी. एस. एन. एल. के फोनों में कभी कभी प्रायवेट कम्‍पनी के फ्रेंचाइजी सेठजी की लाइन भी मिश्रित हो जाती है और लोगों का नम्‍बर कहीं लगाते लगाते कहीं और लग जाता है या कभी कभी फोन अज्ञात जगह से अपने आप आने लगते हैं ।

 

   क्रमश: जारी अगले अंक में .........

जमकर ठुके कांग्रेसी, नहीं लगा सके कलेक्‍ट्रेट को ताला, कुट पिटकर भागे और नर्राये- अब रणनीति बना रहे हैं

जमकर ठुके कांग्रेसी, नहीं लगा सके कलेक्‍ट्रेट को ताला, कुट पिटकर भागे और नर्राये- अब रणनीति बना रहे हैं

 

मुरैना 24 नवम्‍बर 2007, पिछले दिनों एक आंदोलन के चक्‍कर में प्रशासन ने कांग्रेसियों को रूई की तरह धुनकर जहां कलेक्‍ट्रेट से खदेड़ दिया और पुलिस के डंडे तेवर देख वहां से भाग खडे़ कांग्रेसी आजकल भावी रणनीति बनाने में जुटे हैं और पुलिसिया डंडों, चांटे, घूंसों और लातों का बदला कैसे लें इसका फार्मूला खोज रहे हैं ।

  उल्‍लेखनीय है कि कलेक्‍ट्रेट पर ताला बंदी करने पहुंचे कांग्रेसियों को मंगलवार को पुलिस कर्मियों ने धुन दिया था वे मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह का इस्‍तीफा मांग रहे थे जिसमें भूरा कंषाना और हरिओम शर्मा को अधिक चोट आयी और उनके कपड़े फटकर तार-तार हो गये जिसके बाद पुलिस ने डंडे निकाले और पुलिस के हाथों में डंडे देख कांग्रेसी वहां से भाग निकले थे मामला तब बिगड़ा था जब नेताओं ने पुलिस कर्मियों से काफी अपशब्‍द कहे और अभद्र व्‍यवहार किया पुलिस ने काफी देर तक सब्र किया किंतु जबरन कलेक्‍ट्रेट में ताला डालने के चक्‍कर में बढ़े विवाद पर पहले तो पुलिस ने नेताओं से हत्‍थम हत्‍थ गुत्‍थम गुत्‍थ किया पर मामला ज्‍यादा बढ़ने पर पुलिस ने डंडे निकाल लिये जिन्‍हें देखकर कांग्रेसी भाग खड़े हुये ।

    सप्‍ताह पूरा होने को है लेकिन कांग्रेसी कैम्‍प में श्‍मसानी सन्‍नाटा छाया हुआ है, बुधवार को खबर थी कि कांग्रेसी पिटाई का बदला लेने को रणनीति बना रहे हैं ।

 

नाकारा, लापरवाह और अक्षम अफसरों ने बेशर्मी से पहनीं मालायें : कांग्रेस की गांधीगिरी

नाकारा, लापरवाह और अक्षम अफसरों ने बेशर्मी से पहनीं मालायें : कांग्रेस की गांधीगिरी

 

भिण्‍ड 24 नवम्‍बर 2007 चम्‍बल अन्‍चल में भारी बिजली कटौती के चलते भिण्‍ड के कांग्रेसियों ने हर प्रकार के विरोध प्रदर्शन और आंदोलनों से उक्‍ताकर और लाइलाज बिजली कटौती की समस्‍या पर लड़ थककर अंतत: गांधीगिरी का रास्‍ता अख्‍त्‍यार कर लिया है और बिजली कटौती की समस्‍या पैदा करने हेतु बिजली अधिकारियों को पुष्‍प मालायें पहनाकर व पुष्‍प अर्पित कर सम्‍मानित करना शुरू कर दिया है और व्‍यंगात्‍मक कटाक्ष भी किये जा रहे हैं इससे बिजली विभाग में खासा हड़कंप मच गया है अधिकारियों के बेशर्मी से मुस्‍कराते हुये मालायें पहनते अंचल के विख्‍यात समाचार पत्र दैनिक भास्‍कर द्वारा कई फोटो प्रकाशित किये गये हैं और तीखा कटाक्ष किया गया है ।

        लोगों में कांग्रेस और मीडिया का यह संयुक्‍त अभियान काफी लोकप्रिय और चर्चित हो गया है । जो अधिकारी कार्यालयों में नहीं मिलते उनके टेबिलों पर पुष्‍प गुच्‍छ और महात्‍मा गांधी का एक चित्र पुष्‍प माला रखकर छोड़ दिया जाता है इसके साथ ही एक अभिनंदन पत्र भी दिया जाता है जिसमें लिखा रहता है कि '' साहब गांवों में बिजली की इतनी बेहतर व्‍यवस्‍थाऐं इससे पहले कभी नहीं रहीं न तो बिजली जा रही है और ना ही लाइनें टूट रही हैं बिजली के न आने से बिजली के बार-बार जाने की समस्‍या पूरी तरह से समाप्‍त हो गयी है और भ्रष्‍टाचारी पर तो पूरी तरह अंकुश लग गया है''!

फफककर रो पड़ा एक बिजली कर्मचारी

जहां नाकारा बिजली अफसर मुस्‍कराते हुये माला पहनकर फोटो खिंचवाते रहे वहीं बिजली कम्‍पनी के ग्रामीण कार्यालय में पदस्‍थ एक कर्मचारी की आंखों से आंसू निकल पड़े और वह फफक कर रो पड़ा ।

 

संयुक्त कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण सेल्स मैन के विरूध्द कार्रवाई

संयुक्त कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण

सेल्स मैन के विरूध्द कार्रवाई प्रस्तावित

मुरैना 24 नवम्बर 2007 // ग्रामीण क्षेत्रों में लागू की गई तीन दिवसीय वितरण व्यवस्था के तहत संयुक्त कलेक्टर श्री आशकृत तिवारी ने डेढ़ दर्जन उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया तथा कुल्होली केन्द्र के सेल्स मैन श्री अशोक शर्मा के विरूध्द उपभोक्ताओं से अधिक राशि लेने के कारण कार्रवाई प्रस्तावित की ।

       संयुक्त कलेक्टर श्री तिवारी ने वितरण केन्द्र भटपुरा, सुजानगढ़ी, रीझोनी, कैलारस ग्रामीण, डोंगरपुर, जरैना, नेपरी, कुटरावली, मामचोन, बदरेंटा, शहदपुर, कुल्होली, ग्रामीण सबलगढ़, पूंछरी, मांगरोल, रामगढ़, डिगवार, थाना परिसर सबलगढ़ पर पहुंच कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया । वितरण केन्द्र सुजानगढ़ी और रीझोनी पर मिट्टी के तेल का वितरण 9 रूपये 68 पैसे प्रति लीटर के स्थान पर 10 रूपये प्रति लीटर के मान से किये जाने पर उन्होंने आपत्ति की और उप भोक्ताओं को अंतर राशि का भुगतान कराया । वितरण केन्द्र गस्तोली, नेपरी, गल्ला मंडी सबलगढ़ और थाना परिसर सबलगढ़ पर नोडल अधिकारी अनुपस्थित पाये गये ।

       वितरण केन्द्र कुल्होली पर बी.पी.एल. चावल 6 रूपये 50 पैसे के स्थान पर 7 रूपये 50 पैसे और शक्कर 13 रूपये 50 से के स्थान पर 15 रूपये प्रति किलो के हिसाब से वितरण करना पाया गया । संयुक्त कलेक्टर ने निर्धारित दर पर ही सामग्री वितरण हेतु निर्देश दिए गये तथा उपभोक्ताओं से ली गई अधिक राशि वापस दिलाई गई । उपभोक्ताओं से अधिक राशि लेने के कारण सेल्स मैन श्री अशोक शर्मा के विरूध्द कार्रवाई प्रस्तावित की गई है । निरीक्षण के दौरान अन्य सभी केन्द्रों पर खाद्यान्न एवं कैरोसिन का सुचारू रूप से वितरण करना पाया गया ।

 

प्रसव के लिए पैसा लेने वाली नर्सों को निलंबित करने के निर्देश

प्रभारी मंत्री द्वारा जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण

प्रसव के लिए पैसा लेने वाली नर्सों को निलंबित करने के निर्देश

 

मुरैना 24 नवम्बर 2007// ग्रामोद्योग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने आज जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया । उन्होंने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश सिविल सर्जन को दिये ।

       प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान प्रसव के लिए नर्सों द्वारा पैसा लिये जाने की शिकायत को प्रभारी मंत्री ने गंभीरता से लिया और सिविल सर्जन को जांच कर दोषी नर्सों को निलंबित करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अन्तर्गत सरकार हितग्राही महिला को अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती रह कर प्रसव कराने पर राशि देती है । इस राशि में से किसी भी तरह की अवैध हिस्सादारी को वर्दाश्त नहीं किया जायेगा । उन्होंने कहा कि चिकित्सक सेवा और समर्पण भाव से रोगियों का उपचार करें और अस्पताल को साफ-सुथरा आदर्श अस्पताल बनाने की पहल करें ।

       निरीक्षण के दौरान सांसद श्री अशोक अर्गल, विधायक श्री गजराज सिंह सिकरवार समाज सेवी श्री नागेन्द्र तिवारी, रोगी कल्याण समिति के सदस्य श्री नीरज सिंघल, श्री उदयवीर सिंह सिकरवार और श्री प्रेमकान्त शर्मा प्रभारी मंत्री के साथ थे ।

 

रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न

रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न

मुरैना 24 नवम्बर 2007// ग्रामोद्योग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा की अध्यक्षता में आज यहां सम्पन्न जिला चिकित्सालय मुरैना की रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक में चालू वित्त वर्ष में माह अक्टूबर तक 13 लाख 71 हजार 700 रूपये की आय और 13 लाख 55 हजार 969 रूपये के व्यय के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया । साथ ही  शव वाहिका क्रय करने, शुध्द पेय जल हेतु तीन एक्वागार्ड लगाने, पोस्टमार्टम हाउस में फर्सीकरण का कार्य कराने, ओवर हेड टेंक बनाने तथा दो इनेक्ट्रीशियन कलेक्टर रेट पर रखे जाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई ।

       इस अवसर पर सांसद श्री अशोक अर्गल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रघुराज सिंह कंषाना, विधायक सर्वश्री गजराज सिंह सिकरवार, उम्मेद सिंह बना, बंशीलाल और श्रीमती संध्या राय , अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. विकास दुबे, सिविल सर्जन डा. आर.सी. बांदिल, समिति के सदस्य श्री नीरज सिंघल और श्री मनोज जैन उपस्थित थे ।

       बैठक में बताया गया कि रोगी कल्याण समिति के खाते में 39 लाख 81 हजार 350 रूपये की राशि जमा है । प्रभारी मंत्री ने कहा कि समिति के पास पर्याप्त राशि उपलब्ध है । इसे मरीजों को बेहत्तर स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराने पर व्यय किया जाय । उन्होंने कहा कि सरकार ने संकल्प लिया है कि पैसे के अभाव में किसी भी गरीब को बिना इलाज के मरने नहीं दिया जायेगा । चिकित्सक सरकार की मंशा को समझें और गरीब बीमार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मुहैया करायें । उन्होंने अस्पताल की आवश्यकता के अनुरूप चादरें क्रय करने के निर्देश भी दिये ।

 

पंचायत मंत्री श्री रूस्तम सिंह का भ्रमण कार्यक्रम

पंचायत मंत्री श्री रूस्तम सिंह का भ्रमण कार्यक्रम

मुरैना 24 नवम्बर 2007 // पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रूस्तम सिंह 25 नवम्बर को प्रात: 4 बजे मुरैना आयेंगे । पंचायत मंत्री श्री सिंह 25 नवम्बर को प्रात: 10 बजे मुरैना में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे । श्री सिंह उसी दिन सांय 8 बजे मुरैना से ग्वालियर को प्रस्थान कर, रात्रि 9 बजे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और उसी दिन रात्रि 11.15 बजे जी.टी.एक्सप्रेस से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे ।

 

योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुचायें

योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुचायें

प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में दीनदयाल अन्त्योदय समिति की बैठक सम्पन्न

मुरैना 24 नवम्बर 2007// ग्रामोद्योग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि गरीब और कमजोर तबके के व्यक्तियों की भलाई के लिए शासन द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही है । अधिकारियों को चाहिए कि वे शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुंचाने की पहल करें । उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी और क्रियान्वयन में गड़वड़ी पाये जाने पर संबंधित के विरूध्द कठोर कार्रवाई की जायेगी । श्री वर्मा आज मुरैना में सम्पन्न जिला स्तरीय दीनदयाल अन्त्योदय समिति की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे । बैठक में समिति के सदस्यगण, अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय कुमार वर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे ।

       प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा चम्बल नहर में पानी लाने के प्रयास किये गये हैं । राजस्थान सरकार ने भी इसके लिए सहमति दे दी है । शीघ्र ही सभी किसानों को आवश्यकतानुसार पर्याप्त पानी मिलेगा । उन्होंने पानी के दुरूपयोग को रोकने की अपील भी किसानों से की ।

       बैठक में विभागवार योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कक्षा 9 वीं की बालिकाओं को पोरसा में 602, अम्बाह में 252 और मुरैना में 545 साइकिलों का वितरण किया गया है । बुक बैंक योजना के अन्तर्गत कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के 14 हजार 992 विद्यार्थियों को पाठय पुस्तकों के सेट वितरित किये गये । गांवकी बेटी योजना का लाभ 103 बालिकाओं को दिलाया गया । सर्व शिक्षा अभियान के तहत 486 शाला भवन, 703 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जा चुका है । इस वर्ष 99 शाला भवन और 350 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण का लक्ष्य है । कक्षा 1 से 8 वीं तक के विद्यार्थियों को 3 लाख 9 हजार 411 पाठयपुस्तकों के सैट वितरित किये गये ।

       ग्रामीण  क्षेत्रों में पेयजल की सुगम  आपूर्ति के लिए 98 लाख 59 हजार रूपये के व्यय से 233 नवीन हैंड पंपों का खनन कराया गया है । प्रभारी मंत्री ने कहा कि पेयजल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाय । हैंड पम्पों के सुधार हेतु सामग्री की कमी नहीं आने दी जायेगी । बिगड़े हैंड पम्पों को तत्काल सुधार की मुहिम चलाई जाय । दीनदयाल अन्त्योदय उपचार योजना में 5772 हितग्राहियों को लाभ पहुचाया गया । इनके उपचार पर 10 लाख रूपये से अधिक की राशि व्यय की गई ।

       जननी सुरक्षा योजना में 21 हजार 184 हितग्राही लाभान्वित हुए। अभी तक 3 करोड़ 31 लाख रूपये की राशि योजना पर व्यय की जा चुकी है । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क   योजना के अन्तर्गत 119 करोड़ 51 लाख रूपये के व्यय से 661 किलो मीटर लम्बे 178 मार्गों का निर्माण पूर्ण कराया जा चुका है तथा 78 निर्माणाधीन हैं । प्रभारी मंत्री ने सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए । उन्होंने मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान हेचरी को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए ।

 

शुक्रवार, 23 नवंबर, 2007

अब आसानी से मिलने लगा है - कैरोसिन

अब आसानी से मिलने लगा है - कैरोसिन

मुरैना 23 नवम्बर 2007 // ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाने के लिए मुरैना जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल की गई है । इसके तहत कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को समय पर खाद्यान्न, शाक्कर और कैरोसिन उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में स्थित समस्त उचित मूल्य दुकानों से एक साथ सामग्री वितरण हेतु नई व्यवस्था लागू की है । इसके अनुसार प्रत्येक माह की 21, 22 और 23 तारीख को नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में उपभोक्ताओं को खाद्यान्न, शक्कर और कैरोसिन का वितरण कराया जा रहा है । इस माह से ढाई हजार से अधिक राशन कार्ड वाली दुकानों से 24 तारीख को भी अतिरिक्त दिवस पर सामग्री वितरण की व्यवस्था लागू की गई है ।

       जिले में ग्रामीण उप भोक्ताओं की खाद्यान्न एवं कैरोसिन नहीं मिलने की आये दिन शिकायतें प्राप्त होती रहती थीं । कैरोसिन तो कभी- कभी दो- दो माह तक मिल भी नहीं पाता था । उप भोक्ताओं की सुविधा और कैरोसिन की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से कलेक्टर की पहल पर गत तीन माह पूर्व माह सितम्बर 07 से प्रारंभ की गई तीन दिवसीय वितरण व्यवस्था बेहद कारगर सावित हुई है । अब ग्रामीणों को सुगमता से खाद्यान्न शक्कर, कैरोसिन आदि की प्राप्ति होने लगी है और उपभोक्ताओं को सामग्री प्राप्त करने के लिए बार- बार दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं ।

       खाद्यान्न एवं कैरोसिन वितरण हेतु जिले में लागू इस व्यवस्था के तहत 166 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो प्रत्येक माह निर्धारित 21, 22 और 23 तारीख को दुकान पर उपस्थित रह कर सामग्री का वितरण कराते हैं । नोडल अधिकारियों की उपस्थिति पर नजर रखने के लिए 13 जोनल अधिकारी भी अपने क्षेत्र में वितरण दिनांकों में नियमित भ्रमण पर रहते हैं । इनके अलावा संबंधित एसडीएम भी कम से कम 50 प्रतिशत दुकानों का निरीक्षण कर सामग्री की सुगम उपलब्धता और वितरण सुनिश्चित करा रहे हैं । वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारू व प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री उपेन्द्र नाथ शर्मा मुरैना, अम्बाह और पोरसा , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय कुमार वर्मा जौरा और पहाड़गढ़ तथा संयुक्त कलेक्टर श्री आशकृत तिवारी कैलारस और सबलगढ़ क्षेत्र का वितरण दिनांकों में सतत भ्रमण कर सामग्री की सुगम उपलब्धता और दुकानों पर नोडल अधिकारियों की उपस्थित सुनिश्चित करा रहे हैं ।

       ग्रामीणों ने जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ की गई इस अभिनव पहल की सराहना की है । उनका मानना है कि इस व्यवस्था के कारण अब खाद्यान्न, शक्कर और कैरोसिन असानी से मिलने लगा है ।

बाल फिल्मों के प्रदर्शन संबंधी बैठक 26 को

बाल फिल्मों के प्रदर्शन संबंधी बैठक 26 को

मुरैना 23 नवम्बर 2007 // अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में 26 नवम्बर को पूर्वान्ह 11.30 बजे छविग्रहों में  बाल फिल्मों के प्रदर्शन संबंधी बैठक आयोजित की गई है । कलेक्टर कार्यालय में आयोजित इस बैठक में सर्व संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने की अपेक्षा की गई है ।

 

इकहरा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का चयन

इकहरा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का चयन

मुरैना 23 नवम्बर 2007 // एकीकृत बाल विकास परियोजना अम्बाह द्वारा चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की अंतिम सूची में संशोधन किया गया है । जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के अनुसार ग्राम इकहरा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में टाईपिंग में हुई भूल के कारण अंकित श्रीमती ऊषा तोमर का नाम विलोपित कर दिया गया है । इनके स्थान पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में श्रीमती प्रतिभा तोमर का अंतिम रूप से चयन किया गया है ।

 

बीमारी सहायता निधि से सात पीड़ितों को सवा पांच लाख रूपये की सहायता

बीमारी सहायता निधि से सात पीड़ितों को सवा पांच लाख रूपये की सहायता 

मुरैना 23 नवम्बर 2007 // ग्रामोद्योग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा के अनुमोदन उपरान्त मुरैना जिले के सात कैंसर रोग से पीड़ित मरीजों को जिला बीमारी कल्याण निधि से सवा पांच लाख रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. विकास दुबे के अनुसार बीमारी कल्याण निधि के तहत श्रीमती अमिना बेगम पत्नी लतीफ खां और श्रीमती  लीला देवी पत्नी माता प्रसाद गणेश पुरा मुरैना, नीलम उर्फ लीलावती पत्नी नाथूराम शर्मा भवानी पुरा, श्रीमती विमला देवी पत्नी श्री जनक सिंह संजय कालोनी मुरैना, श्रीमती माया शर्मा पत्नी सुरेश शर्मा निवासी डोगरपुर किरार, श्रीमती रामश्री बाई पत्नी भोगीराम माहौर तुस्सीपुरा मुरैना और भूरा पुत्र वृन्दावन बघेल कर्राकापुरा को कैंसर रोग के इलाज हेतु 75- 75 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है ।

ज्ञात हो कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले व्यक्त्ति की गंभीर बीमारी के इलाज हेतु बीमारी कल्याण निधि से जिला स्तर पर 25 से 75 हजार रूपये की सहायता मंजूर करने का प्रावधान है । इससे अधिक राशि की जरूरत पर 75 हजार से डेढ़ लाख तक की सहायता का निर्णय लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा लिया जाता है । इस सुविधा का लाभ सिर्फ शासकीय अस्पताल अथवा शासन द्वारा मान्यता प्राप्त निर्धारित अस्पतालों में इलाज कराने पर ही मिलता है । सहायता राशि का चैक अस्पताल के नाम पर दिया जाता है और एक व्यक्ति को एक बार ही इस योजना का लाभ दिया जाता है ।

 

विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण: गुरूजी का मानदेय राजसात

विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण: गुरूजी का मानदेय राजसात

मुरैना 23 नवम्बर 2007 // जिला परियोजना समन्वयक श्री ए.के. त्रिपाठी ने गत दिवस आधा दर्जन विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया और शालाओं में अनियमितता पाये जाने पर दो विद्यालयों के शिक्षकों तथा तीन गुरूजी का मानदेय राजसात करने की कार्रवाई की ।

       ई.जी.एस. सिल्लों का पुरा के निरीक्षण के दौरान दर्ज 55 छात्रों में से 5 छात्र उपस्थित पाये गये । गुरूजी श्री सुरेश शर्मा की अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित के कारण एक दिन का मान देय राजसात किया गया । माध्यमिक विद्यालय जारह के निरीक्षण के दौरान दर्ज 339 विद्यार्थियों में से 124 उपस्थित मिले । शैक्षणिक स्तर न्यूनतम पाया गया और प्रधानाध्यापक एवं दो शिक्षक अवकाश पर थे । प्रधानाध्यानक को कारण बताओं नोटिस दिया गया और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गये ।

       निरीक्षण के दौरान कैमरा के प्राथमिक विद्यालय और माध्यमिक विद्यालय बंद पाये गये । दोनों विद्यालयों के शिक्षकों का एक दिन का वेतन राजसात किया गया । ई.जी.एस. गया का पुरा के निरीक्षण के दौरान कोई भी छात्र उपस्थित नहीं मिला और मध्यान्ह भोजन का वितरण करना भी नहीं पाया गया । गुरूजी एवं स्व सहायता समूह को अनियमितता एवं अनुपस्थित के संबंध में कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया । ई.जी.एस. किलोरी के निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं पाया गया और शाला बंद मिली । इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय वरवासिन भी बंद पाया गया । दोनों विद्यालयों के गुरूजी का 15-15 दिन का मानदेय राजसात किया गया ।

 

कारखाना प्रबंधक बढ़ी हुई लायसेंस नवीनीकरण फीस जमा कराएं

कारखाना प्रबंधक बढ़ी हुई लायसेंस नवीनीकरण फीस जमा कराएं

 मुरैना 23 नवम्बर 2007 // संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा ने कारखानो के अधिभोगियो एवं प्रबंधको को पंजीकृत कारखानो की अनुज्ञप्ति के वर्ष 2008 के लिये नवीनीकरण फीस की बढी हुई राशि चालान द्वारा जमा कराने को कहा है। कारखाना अनुज्ञप्ति के लिये वर्तमान में वर्ष 2008 हेतु लागू फीस का 30 प्रतिशत फीस अधिक जमा करना है। कारखानो के अधिभोगियो एवं प्रबंधको से कहा गया है कि वे बढी हुई राशि चालान के द्वारा जमा कर चालान की मूल प्रति के साथ लायसेंस नवीनीकरण हेतु आवेदन पत्र प्रारूप  क्रमांक 4 में एक दिसम्बर 2007 तक संबंध्रित कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करायें। इसके पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर 25 प्रतिशत विलम्ब शुल्क लिया जायेगा ।

 

निर्वाचक नामावली कार्य में लगे कर्मचारियों के स्थानांतरण निर्वाचन आयोग की अनुमति से होंगे

निर्वाचक नामावली कार्य में लगे कर्मचारियों के स्थानांतरण निर्वाचन आयोग की अनुमति से होंगे

मुरैना 23 नवम्बर 2007 // भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण तथा पदोंन्नति पश्चात की जाने वाली पदस्थापना अब निर्वाचन आयोग की अनुमति के बिना नहीं हो सकेगी ।

       अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उपेद्र नाथ शर्मा ने मुरैना जिला स्थित समस्त कार्यालय प्रमुखों को आयोग के उक्त निर्देशों का कडाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ।

       ज्ञात हो कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2008 की स्थिति में निर्वाचक नामावली तैयार करने के संबंध में कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है । मतदान केन्द्रों पर निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 15